उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) के बाद चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की है। इस ड्राफ्ट लिस्ट के अनुसार 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने कहा है कि ये लिस्ट 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत तैयार की गई है। इसकी शुरुआत 27 अक्टूबर 2025 से हुई थी। चुनाव आयोग के अनुसार यूपी में एसआईआर का गणना चरण 4 नवंबर 2025 से शुरू हुआ था।
उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव आयुक्त नवदीप रिनवा ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यूपी के 15 करोड़ 44 लाख तीस हजार बयानबे वोटरों का गणना प्रपत्र निकाला गया। पूरी प्रक्रिया के बाद 2.89 करोड़ वोटरों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटे हैं। यूपी के मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार अब एक पोलिंग स्टेशन में 1200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे। पहले ये संख्या करीब 1500 थी। इस वजह से नए पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इस वजह से पूरी प्रक्रिया में समय लगा।

