सवाई माधोपुर: राज्य के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि सवाई माधोपुर के 263वें स्थापना दिवस को इस वर्ष बाघ महोत्सव एवं अमरूद महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। सवाई माधोपुर सहित पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि देश में पहली बार अमरूद महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ 18 जनवरी को प्रातः 11 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत और जिले की कृषि पहचान को राष्ट्रीय मंच देने का प्रयास है। मीणा ने कहा कि अमरूद महोत्सव एवं उन्नत कृषि तकनीकी मेला-2026 केवल उत्सव नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि जिले के किसान उच्च गुणवत्ता का अमरूद उत्पादन कर रहे हैं, जिसकी मांग देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी लगातार बढ़ रही है।
अब आवश्यकता है कि इस पहचान को एक संगठित मंच देकर किसानों को बेहतर मूल्य, तकनीक और बाजार से जोड़ा जाए। कृषि मंत्री ने बताया कि यह दो दिवसीय आयोजन किसानों के लिए ज्ञान, नवाचार और अवसरों का संगम होगा। इसमें आधुनिक खेती, स्मार्ट फार्मिंग, कृषि यंत्रीकरण, ड्रोन तकनीक, हाई-टेक बागवानी, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन से जुड़े नवाचारों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतिदिन हजारों किसान इस मंच से जुड़कर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाने के गुर सीखेंगे।

