ईरान: ईरान के सांसद और संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीजी ने अमेरिका और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट खुलेगा, लेकिन ‘ट्रंप के लिए नहीं’। अज़ीजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि होर्मुज़ स्ट्रेट अब सिर्फ उन्हीं जहाजों के लिए खुला रहेगा, जो ईरान के नए नियमों का पालन करेंगे।
उन्होंने कहा कि ’47 साल की मेहमाननवाजी अब खत्म हो चुकी है।’ यह टिप्पणी 1979 की ईरानी क्रांति के बाद के दौर को लेकर की गई। ईरानी सांसद ने आगे कहा कि ट्रंप ने सत्ता परिवर्तन का सपना पूरा कर लिया है, लेकिन यह बदलाव ईरान की राजनीति में नहीं, बल्कि क्षेत्र के समुद्री नियमों में हुआ है। हाल ही में ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने एक नई योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लगाया जाएगा और अमेरिका व उसके सहयोगियों के जहाजों के लिए अलग नियम लागू किए जा सकते हैं।