कोटा: कोटा में देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब लोक परिवहन की चलती बस में अचानक आग लग गई। यह घटना कोटा-झालावाड़ रोड पर अनंतपुरा थाना क्षेत्र में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास करीब रात 12:30 बजे हुई। बस अकलेरा से कोटा आ रही थी और इसमें करीब 25 यात्री सवार थे। हालांकि मंडाना के पास बस खराब हो जाने के कारण सभी यात्रियों को पहले ही दूसरी बस में शिफ्ट कर दिया गया था। घटना के समय बस में केवल ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद थे, जो आग लगते ही सुरक्षित बाहर निकल आए।
बताया जा रहा है कि बस के टायर बार-बार जाम हो रहे थे, जिससे वे अत्यधिक गर्म हो गए और आग पकड़ ली। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर नगर निगम की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। अनंतपुरा थाने के एएसआई लोकेश चौधरी के अनुसार, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

