कोटा: कोटा (Kota) के थर्मल पावर प्लांट (Thermal Power Plant Kota) में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब 3 से 4 भालुओं का झुंड गेट नंबर 4 से परिसर में घुस आया। बताया जा रहा है कि बंद गेट होने के बावजूद भालू करीब 10–12 फीट ऊंचाई पार कर अंदर पहुंच गए। रात की ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को कुत्तों के भौंकने से भालुओं की मौजूदगी का पता चला, जिसके बाद दहशत फैल गई। कर्मचारी सुरक्षा के लिए अपनी-अपनी यूनिट के अंदर ही रहे।
इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने भालुओं का वीडियो भी बना लिया। कुछ देर बाद भालू वापस जंगल की ओर लौट गए, तब जाकर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि यह पहली घटना नहीं है, पहले भी भालू, तेंदुआ और अजगर जैसे जंगली जानवर प्लांट परिसर में देखे जा चुके हैं, जिनसे कर्मचारियों में डर बना हुआ है।कर्मचारियों ने वन विभाग और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, गश्त बढ़ाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

