भिवाड़ी: भिवाड़ी (Bhiwadi) के साथलका गांव स्थित बिल्लू लेबर कॉलोनी में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) लीकेज के कारण बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय अचानक आग भड़क उठी, जिससे एक ही परिवार के सात लोग झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी 35 वर्षीय नेम सिंह अपने परिवार के साथ किराए के कमरे में रहते हैं।

गुरुवार सुबह घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान नेम सिंह गैस सिलेंडर बदल रहे थे। बताया जा रहा है कि सिलेंडर बदलते समय उसमें लीकेज शुरू हो गया और देखते ही देखते कमरे में एलपीजी गैस फैल गई। कुछ ही सेकेंड में आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे में मौजूद परिवार के सदस्य इसकी चपे*ट में आ गए। हादसे में नेम सिंह, उनकी पत्नी ममता, मामा बृजेश समेत परिवार के सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।
घटना के वक्त सभी सदस्य कमरे के अंदर मौजूद थे, जिससे कोई बाहर निकल नहीं सका।चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए घायलों को कमरे से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की भी कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद सभी घायलों को भिवाड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए अलवर (Alwar) रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर भिवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

