सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) में खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनर्जी ड्रिंक (Energy Drink) के नाम पर बाजार में सप्लाई की जा रही कैफिनेटेड बेवरेज (Caffeinated Beverages) की करीब 50 हजार कैन जब्त की हैं। यह कार्रवाई रीको इंडस्ट्रियल एरिया खेरदा स्थित बालाजी ट्रेडिंग पर की गई।

टीम ने मौके से एनर्जी ड्रिंक के 2 नमूने लेकर पूरी खेप को सीज कर दिया। जब्त माल करीब 2100 कार्टन में पैक था, जिसकी मात्रा लगभग 13 हजार लीटर बताई जा रही है। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी शुभमंगला के निर्देश पर चलाए जा रहे “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत की गई। सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया और नितेश गौतम की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसके अलावा रीको खेरदा स्थित पवन पेप्सी एजेंसी से रेडी टू सर्व बेवरेज और कार्बोनेटेड वाटर के भी 2 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में मौजूद कई फल गोदामों का भी निरीक्षण किया और जांच की कि फलों को पकाने में प्रतिबंधित कार्बाइड का इस्तेमाल तो नहीं हो रहा। जांच में सभी जगह फलों को इथाइलीन गैस से पकाना पाया गया।

