सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर पुलिस (Sawai Madhopur) द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए 4 से 31 मई तक “जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा विशेष अभियान” चलाया जा रहा है। यह अभियान महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज के निर्देश पर जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी (IPS Jyeshtha Maitrei) के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिलेभर में ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, ओवरलोडिंग और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है।पुलिस द्वारा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट और व्यस्त मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से रोड मार्किंग, साइनेज, स्पीड कंट्रोल, सड़क मरम्मत और अ*वैध कट बंद कराने जैसे सुधारात्मक कार्य भी किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र में एक-एक गांव को “विशेष ग्राम गोद योजना” के तहत चयनित कर हेलमेट की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गांवों में जन-जागरूकता कार्यक्रम, हेलमेट चेकिंग अभियान और सड़क सुरक्षा संवाद आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में युवाओं और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक कर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

