नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले पटना के चर्चित शिक्षक खान सर (Khan Sir) ने एनटीए (NTA) की परीक्षा (NEET Exam) व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में खान सर ने कहा कि पेपर लीक (NEET Exam Cancelled) लाखों छात्रों के भविष्य और आत्मविश्वास के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि साल 2024 में भी ऐसा मामला सामने आया था, जिसकी सीबीआई (CBI) जांच हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।

इससे पेपर लीक करने वालों का मनोबल और बढ़ा है। खान सर ने कहा कि सबसे हैरानी की बात यह है कि पेपर लीक की जानकारी किसी एजेंसी ने नहीं, बल्कि छात्रों ने सरकार तक पहुंचाई। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक जांच पूरी होगी, तब तक कई छात्रों का एमबीबीएस (MBBS) भी पूरा हो जाएगा। उन्होंने दोबारा परीक्षा कराए जाने पर भी चिंता जताई।
उनका कहना है कि री-एग्जाम में अक्सर पेपर ज्यादा कठिन होता है, जिससे पहले अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र मानसिक दबाव में आ जाते हैं। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को दोबारा दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

