सवाई माधोपुर: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी (Diya Kumari) ने आज गुरुवार को सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिले की मित्रपुरा तहसील स्थित घाटा नेनवाड़ी गांव में आयोजित 151 कुंडीय महायज्ञ में भाग लिया। भगवान देवनारायण मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मुख्य यज्ञकुंड में आहुति देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

महायज्ञ के बाद उपमुख्यमंत्री (Deputy CM Diya Kumari) पहाड़ी पर स्थित भगवान देवनारायण मंदिर पहुंचीं, जहां पूजा-अर्चना कर आरती में शामिल हुईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। धार्मिक आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। दिया कुमारी ने डोई मोड़ से निकाली गई कलश यात्रा में भी हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धर्म और संस्कृति से जुड़े आयोजनों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारी हनुमान सराधना, पवन पोषवाल, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र मीना, कृष्ण पोसवाल, शशिकला मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

