नई दिल्ली: बेंगलुरु (Bangalore) से दिल्ली (Delhi) आ रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI2802 गुरुवार शाम एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान के एक इंजन में आग लगने का संकेत मिला, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।

फ्लाइट में करीब 160 यात्री सवार थे। एयर इंडिया के मुताबिक, अंतिम लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान कॉकपिट क्रू को इंजन में आग लगने की चेतावनी मिली, जो बाद में सही पाई गई। क्रू ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित उतारा और सभी यात्रियों व क्रू मेंबर्स को सामान्य तरीके से बाहर निकाला गया। एयर इंडिया ने घटना की जांच शुरू कर दी है और संबंधित नियामक एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी।

