सवाई माधोपुर: Sawai Madhopur शहर के पुराने इलाके स्थित रैगर मोहल्ले में देर रात आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली की चपेट में आने से दो मकानों की छतें भरभराकर ढह गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के बीच बिजली रमेश चंद रैगर और कल्याणमल के मकानों पर गिर गई। धमाका इतना तेज था कि दोनों मकानों की छतें क्षणभर में जमींदोज हो गईं।

हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के पिछले हिस्से में सो रहे थे, जिससे बड़ा जनहानि हादसा टल गया। तेज आवाज और मलबा गिरने की आहट सुनकर सभी लोग घर से बाहर निकल आए। घटना के बाद दहशत के चलते परिवारों ने पूरी रात खुले आसमान के नीचे गुजारी।
छतें ढहने से मकानों के भीतर रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है

