जयपुर: राजस्थान (Rajasthan) में 5 किलो वाला छोटा एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG cylinder) सबसे महंगा साबित हो रहा है। तेल कंपनियां इसका नया कनेक्शन 1490 रुपए में दे रही हैं, जिसमें 5 किलो गैस भरी होती है। इसके बाद हर बार रिफिल कराने के लिए 616 रुपए चुकाने होंगे। यानी इस सिलेंडर में गैस करीब 123 रुपए प्रति किलो पड़ रही है। इसके मुकाबले 14.2 किलो का घरेलू LPG cylinder 916.50 रुपए में मिल रहा है।
इसमें गैस की कीमत करीब 64.50 रुपए प्रति किलो पड़ती है। वहीं 19 किलो का कॉमर्शियल LPG cylinder 2106 रुपए का है, जिसमें गैस करीब 111 रुपए प्रति किलो पड़ती है। यानी 5 किलो वाला सिलेंडर घरेलू और कॉमर्शियल दोनों से ज्यादा महंगा है। हालांकि, कंपनियों ने इस छोटे सिलेंडर को खरीदना आसान बना दिया है। अब सिर्फ एक आईडी कार्ड पर इसका नया कनेक्शन मिल जाएगा और इसे कितनी भी बार रिफिल कराया जा सकेगा।
कंपनियों का कहना है कि इससे मजदूरों और प्रवासी कर्मचारियों को गैस की कमी के दौरान राहत मिलेगी। फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग पर 25 दिन का नियम लागू है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई भी कम है। ऐसे में 5 किलो वाले सिलेंडर को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर बिना किसी सीमा के उपलब्ध कराया जा रहा है।

