सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) में परिवहन विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रणथंभौर (Ranthambore) सर्किल स्थित ओम टोयोटा मोटर्स शोरूम (Toyota Motors) को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि शोरूम बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट और अधिकार पत्र के वाहन बेच रहा था। मौके से 5 कारों को जब्त किया गया और पूरा रिकॉर्ड कब्जे में ले लिया गया है।
जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह सांखला के अनुसार, अब तक 43 गाड़ियों की बिक्री बिना जरूरी दस्तावेजों और ट्रेड टैक्स के किए जाने की जानकारी मिली है। शोरूम संचालक को अगले आदेश तक खरीद-बिक्री पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले एक दिन पूर्व करमोदा स्थित टाटा मोटर्स शोरूम पर भी कार्रवाई की गई थी, जहां 21 कारें जब्त कर शोरूम और वर्कशॉप को सीज किया गया था। जांच में बिना ट्रेड सर्टिफिकेट बिक्री और अवैध सर्विसिंग का मामला सामने आया। परिवहन विभाग ने साफ किया है कि जिले में बिना वैध दस्तावेजों के वाहन बिक्री और सर्विस करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

