सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिले के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल सूरवाल की छात्रा सुरम्या सक्सेना ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग (CBSE 12th Result) परीक्षा में 90.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। सुरम्या इससे पहले वर्ष 2024 में भी कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, विद्यालय के प्रधानाचार्य और विषय अध्यापकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन और कठिन मेहनत से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी। सुरम्या की माता इसी विद्यालय में संगीत शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। बेटी के जिला टॉपर बनने पर उन्होंने खुशी जताते हुए विद्यालय स्टाफ और प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश साहू एवं शिक्षकों ने छात्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सुरम्या का सपना संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस (IAS) अधिकारी बनने का है। उन्होंने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी बोर्ड परीक्षाओं में मेहनत कर परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

