भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा (Bhilwara) जिले में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। काछोला थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि रंगलाल नामक व्यक्ति और उसके गिरोह ने उसकी दो नाबालिग बेटियों को वेश्या*वृत्ति में धकेलने की धमकी देकर 3 लाख 20 हजार रुपये वसूले हैं। पीड़ित पिता के अनुसार, आरोपी रंगलाल (सुई गांव निवासी) और उसके साथी लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे थे।

वे नियमित रूप से घर आकर ध*मकियां देते थे और लड़कियों को मुंबई भेजकर वेश्या*वृत्ति में बेचने की बात कहते थे। 30 अप्रैल को गिरोह के सदस्य पीड़ित के घर पहुंचे, परिवार के सदस्यों के साथ मा*रपीट की और दोनों नाबालिग लड़कियों को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी भाग निकले।
पीड़ित ने इस मामले में मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल से मुलाकात की। विधायक ने काछोला पुलिस को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़ित ने महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है। भीलवाड़ा एसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी रंगलाल समेत अन्य लोगों की तलाश जारी है।

