नई दिल्ली: उत्तर दिल्ली (Delhi) के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी सिलेंडर (LPG Gas Cylinder) फटने से बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के बाद एक मंजिला मकान ढह गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 9:37 बजे मकान में धमाके और उसके गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें, पुलिस और राहत-बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि धमाका करीब 250 गज क्षेत्र में बने एक मंजिला मकान में हुआ।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चार से पांच घायलों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलबा हटाकर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न रह जाए। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

