गुजरात: गुजरात (Gujarat) के नवसारी में चोरी की एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी से परेशान एक चोर चोरी करने के बाद मौके से भागने की बजाय वहीं आराम करने लगा। जानकारी के अनुसार, नकाबपोश चोर रात करीब 10:26 बजे एक एड एजेंसी के ऑफिस का ताला तोड़कर अंदर घुसा और ड्रॉअर से करीब 60 हजार रुपये नकद व 10 ग्राम चांदी चुरा ली।
चोरी के बाद बाहर की गर्मी से बचने के लिए उसने ऑफिस का एसी चालू किया और कुर्सी पर बैठकर आराम करते-करते सो गया। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि चोर करीब साढ़े छह घंटे तक ऑफिस में ही रुका रहा और सुबह 4:53 बजे शांतिपूर्वक निकल गया। घटना सामने आने के बाद दुकान मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

