सिरोही: एसीबी (Anti Corruption Bureau) की टीम ने बुधवार को रेवदर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अनादरा ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) (VDO) लक्ष्मीनारायण जीनगर को 1 लाख रुपये की रि*श्वत लेते रंगे हाथों गिर*फ्तार किया है। कार्रवाई एएसपी रामेश्वर लाल मेघवाल के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी वीडीओ ने परिवादी से सीसी रोड तोड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज न करने और चारदीवारी निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के एवज में 1 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रि*श्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया। एएसपी रामेश्वर लाल ने बताया कि आरोपी ने रि*श्वत की रकम अपने बेटे अखिलेश से प्राप्त करवा कर उसे मौके से भगा दिया था। बाद में अखिलेश ने रुपये कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में गाड़ दिए।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पूरी राशि बरामद कर ली गई। इसके बाद पिता-पुत्र दोनों को गिर*फ्तार कर लिया गया है।बताया जा रहा है कि लक्ष्मीनारायण जीनगर के पास अनादरा के अलावा दो-तीन अन्य ग्राम पंचायतों का भी अतिरिक्त कार्यभार था। फिलहाल एसीबी टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी रेवदर पंचायत समिति में एक जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (जेटीए) पर एसीबी कार्रवाई कर चुकी है। पंचायत स्तर पर लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

