सवाई माधोपुर: Sawai Madhopur जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एक फोटोकॉपी (Photocopy) दुकान में गुरुवार सुबह अचानक आग (Fire Accident) लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग (Fire) लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित शर्मा फोटोकॉपी दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से तेज लपटें निकलने लगीं। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णकांत मीणा ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। करीब 15 से 20 मिनट तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि आग बुझाने तक दुकान में रखा कंप्यूटर सिस्टम, फोटोस्टेट मशीन, प्रिंटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और जरूरी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
दुकान संचालक विजय शर्मा ने आगजनी की इस घटना में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास स्थित अन्य दुकानों और कार्यालयों तक आग फैलने से रोक लिया गया। यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का माना जा रहा है।

