जयपुर: जयपुर एयरपोर्ट (Jaipur Airport) से नवी मुंबई (Navi Mumbai Airport) जाने वाली इंडिगो (IndiGo) की फ्लाइट 6E-2719 को बुधवार को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान से पहले ही रद्द कर दिया गया। सुबह निर्धारित उड़ान से पहले रूटीन जांच के दौरान इंजीनियरिंग टीम को एयरक्राफ्ट में समस्या मिली, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से विमान को ग्राउंड कर दिया गया।
फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। कई यात्री सुबह से बोर्डिंग के लिए इंतजार कर रहे थे, लेकिन अचानक फैसले से उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गईं, खासकर जरूरी काम से सफर करने वालों को परेशानी हुई।एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की गई।
कुछ को दूसरी फ्लाइट्स में शिफ्ट किया गया, जबकि अन्य को रिफंड का विकल्प दिया गया। एयरलाइन के अनुसार, विमान की पूरी जांच के बाद ही उसे दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।

