नई दिल्ली: वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़े जाने की अमेरिकी कार्रवाई के बाद भारत ने एक बयान जारी किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वेनेज़ुएला में हालिया घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं। हम वहां की बदलती स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। बयान में कहा गया कि भारत वेनेज़ुएला के लोगों की सुरक्षा और उनकी भलाई के लिए अपने समर्थन को फिर से दोहराता है।
हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे। काराकास स्थित भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराता रहेगा।
इससे पहले भारत ने शनिवार रात अपने नागरिकों को वेनेज़ुएला की यात्रा को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। भारत सरकार ने लोगों से कहा था कि वे वेनेज़ुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें। वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के धमा*कों के बाद अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया है। फिलहाल दोनों अमेरिका में हैं।

