सवाई माधोपुर: एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी (ACB) जयपुर (Jaipur) नगर-प्रथम, जयपुर ईकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुए ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO), पंचायत समिति सवाई माधोपुर जगदीश प्रसाद मीणा को एक लाख रुपये की रि*श्वत ट्रैप किया गया है। आरोपी बीडीओ के पास जिला परियोजना प्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार भी था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर ईकाई को एक शिकायत मिली थी कि जगदीश प्रसाद मीणा ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO), पंचायत समिति सवाईमाधोपुर द्वारा परिवादी और उसके दो साथियों को उनकी बीपीएम की नौकरी से कार्यमुक्त नहीं करने और पेण्डिग यात्रा भत्ता व अन्य बिलों को पास करने की ऐवज में तीनो से एक-एक लाख रूपये रि*श्वत राशि की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा है और दोनो साथियों की रि*श्वती राशि भी परिवादी को ही इक्ट्ठा करके लाकर देने के लिए दबाव बना रहा है।
जिस पर आनन्द शर्मा, उप महानिरीक्षक पुलिस द्वितीय के सुपरविजन में भूपेन्द्र, अतीरक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन सही पाये जाने पर आज मंगलवार को मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए जगदीश प्रसाद मीणा हाल निवास मकान नं. 221, विवेकानन्द नगर, कोटा हाल ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO), पंचायत समिति सवाईमाधोपुर अतिरिक्त प्रभार जिला परियोजना प्रबन्धक सवाईमाधोपुर को परिवादी से एक लाख रुपये की रि*श्वत लेते रंगे हाथों गिर*फ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

