नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को गुजरात में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के तहत कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने का दावा किया है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया है कि जहां-जहां एसआईआर, वहां-वहां वोट चोरी। गुजरात में एसआईआर के नाम पर जो कुछ किया जा रहा है, वह किसी भी तरह की प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है।
यह सुनियोजित, संगठित और रणनीतिक वोट चोरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुन-चुनकर खास वर्गों और कांग्रेस समर्थक बूथों के वोट काटे गए। जहां बीजेपी को हार दिखती है, वहां मतदाता ही सिस्टम से गायब कर दिए जाते हैं। चुनाव आयोग अब लोकतंत्र का रक्षक नहीं, बल्कि इस वोट चोरी की साजिश का मुख्य सहभागी बन चुका है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि एसआईआर को “एक व्यक्ति, एक वोट” के संवैधानिक अधिकार को खत्म करने के ह*थियार में बदल दिया गया है, ताकि बीजेपी तय करे कि सत्ता में कौन रहेगा।

