कोटा: कोटा में चलती बाइक में छिपे जहरीले सांप ने एक युवक को काट लिया। युवक अपने दोस्त के साथ बाइक पर पीछे बैठकर लाइट का सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान बाइक की सीट के नीचे छिपे सांप ने अचानक ह*मला कर दिया। सांप ने युवक के हाथ की उंगली और कमर के पास दो जगह काट लिया।
दर्द और जलन महसूस होने पर युवक ने तुरंत बाइक रुकवाई और जांच करने पर बाइक के अंदर सांप दिखाई दिया। इसके बाद वह तुरंत दोस्त के साथ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचा, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि युवक योगेश लाइट का काम करता है और नयागांव इलाके से गुजर रहा था।
सूचना मिलने पर स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और बाइक के अंदर छिपे सॉ-स्केल्ड वाइपर प्रजाति के जहरीले सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

