अजमेर: अजमेर (Ajmer) जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी बस पुष्कर घाटी में करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौ*त हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जो पीसांगन में मायरा भरने जा रहे थे। हादसा पुष्कर से करीब 3 किलोमीटर पहले दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जब बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में उतर गई और पेड़-झाड़ियों में फंस गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए कपड़ों से रस्सी बनाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले पुष्कर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीण सीओ रामचंद्र चौधरी के अनुसार, घटना सांझीसर के आगे हुई है। मृ*तकों की पहचान पूजा (28) और विमला देवी (50), दोनों निवासी अजमेर, के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

