कोटा: कोटा (Kota) के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित कंसुआ इलाके में सड़क जाम से परेशान एक युवक ने गुस्से में अपनी ही बाइक को आग लगा दी। घटना डीपीएस स्कूल के बाहर की बताई जा रही है, जहां सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से रास्ता जाम हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक अपने बीमार पिता को अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण उसे निकलने का रास्ता नहीं मिला।

युवक ने काफी देर तक हॉर्न बजाया और स्कूल स्टाफ से वाहन हटाने की बात कही, लेकिन कथित तौर पर उसे जवाब मिला कि छुट्टी के बाद ही गाड़ियां हटेंगी। इससे नाराज युवक पहले अपने पिता को घर छोड़कर आया और फिर मौके पर लौटकर अपनी बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक जलकर राख हो गई।
पास में खड़ी एक स्कूटी भी आग की च*पेट में आने लगी, जिसे लोगों ने समय रहते हटा लिया। घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने स्कूल प्रबंधन पर पार्किंग व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि स्कूल के बाहर रोजाना सड़क जाम की स्थिति बनती है, जिससे आए दिन विवाद होते रहते हैं। वहीं स्कूल संचालक ने कॉलोनीवासियों पर भी सड़क पर वाहन खड़े करने का आरोप लगाया है।

