ईरान: अमेरिका (United States) और ईरान (Iran) के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम (Iran America Ceasefire) के ऐलान के बाद भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) में जोरदार तेजी देखने को मिली। बुधवार, 8 अप्रैल को सेंसेक्स करीब 3000 अंक यानी 3.95% उछलकर 77,600 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ़्टी (NIFTY) 50 900 अंक की बढ़त के साथ 24,000 के पार कारोबार करता दिखा। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर में हुई।
निफ्टी ऑटो और रियल्टी इंडेक्स करीब 5% तक चढ़ गए, जबकि सरकारी बैंकों और मेटल सेक्टर के शेयरों में भी 3% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। युद्धविराम का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिखा। कच्चे तेल (Brent Crude) करीब 13% टूटकर 95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
युद्ध शुरू होने से पहले इसकी कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल थी, जो तनाव बढ़ने के बाद 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण पिछले कई दिनों से भारतीय बाजार दबाव में था, लेकिन सीजफायर की घोषणा के बाद निवेशकों का भरोसा लौटता नजर आ रहा है।

