सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर (Sawai Madhopur) जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सास, बहू और मासूम बच्चे की दर्दनाक मौ*त हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गंगापुर सिटी-जयपुर हाईवे पर खूंटला और बाढ़ कलां के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार, गंगापुर सिटी की काजी कॉलोनी निवासी साजिद अपने परिवार के साथ डाबर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
बाइक पर उसके साथ पत्नी नरगिस (22), मां बानो (60) और एक साल का बेटा अलमीर भी सवार थे। दोपहर करीब 1:30 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मा*र दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को गंगापुर सिटी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नरगिस, बानो और मासूम अलमीर को मृ*त घोषित कर दिया। हादसे में घायल साजिद का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में नाकाबंदी कर दी है।

